दिल्ली के सभी नगर निगमों ने पॉल्ट्री उत्पाद और चिकन बैन किया
बुधवार, 13 जनवरी, 2021 आई बी टी एन खबर ब्यूरो
बुधवार, 13 जनवरी 2021 को भारत के राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली के सभी नगर निगमों ने बर्ड फ्लू के मद्देनज़र दुकानों और रेस्टोरेंट पर पॉल्ट्री और चिकन मांस बेचने और स्टोर करने को लेकर प्रतिबंध लगा दिया है।
आज सबसे पहले दिन में उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने ऐसा आदेश जारी किया था।
नई दिल्ली नगर निगम के पशु चिकित्सा सेवा विभाग के इस नोटिस में कहा गया है कि अगर रेस्तरां या होटल मालिकों ने अंडा से बनने वाले व्यंजन या पॉल्ट्री मीट और अन्य उत्पाद ग्राहकों को दिये तो उन पर कार्रवाई होगी।
आदेश के मुताबिक ये फ़ैसला जनहित में लिया गया है और इसका पूरी तरह से अनुपालन किया जाना चाहिए।
पीटीआई न्यूज़ एजेंसी के मुताबिक़ दिल्ली के सभी नगर निगमों ने अब ये फ़ैसला किया है।
सोमवार, 11 जनवरी 2021 को कौवे और बत्तखों के सैंपल की जांच से बर्ड फ्लू के मामलों की पुष्टि हुई है जिसके बाद दिल्ली सरकार ने बाहर से लाए गए चिकन मांस की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया।
प्रशासन ने गाजीपुर पॉल्ट्री बाजार भी बंद करवा दिया है।
पिछले एक हफ़्ते में संजय झील में कई बत्तखें और दिल्ली के पार्कों में कौवा मरे पाए गए हैं।