पुतिन ने विक्ट्री डे स्पीच में यूक्रेन, पश्चिमी देशों और नेटो को लेकर क्या-क्या कहा?
सोमवार, 9 मई, 2022 आई बी टी एन खबर ब्यूरो
रूस की राजधानी मास्को में रेड स्क्वेयर पर अपने विक्ट्री डे स्पीच में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि यूक्रेन में विशेष सैनिक अभियान ज़रूरी था। उन्होंने कहा कि रूस ने ये फ़ैसला सही समय पर किया था। पुतिन ने इस फ़ैसले को एक स्वतंत्र, मज़बूत और संप्रभु राष्ट्र के लिए सही फ़ैसला बताया।
पुतिन ने रूसी सैनिकों को संबोधित करते हुए कहा है कि वे रूस की सुरक्षा के लिए लड़ रहे हैं। रूस में विक्ट्री डे परेड दूसरे विश्व युद्ध में रूस की नाज़ी जर्मनी पर जीत के उपलक्ष्य में आयोजित होती है।
पुतिन ने स्वीकार किया कि साल 2021 से अन्य यूरोपीय देशों और नेटो के साथ तनाव चल रहा था। उन्होंने कहा कि रूस ने यूरोप से अपील की थी कि वे एक निष्पक्ष समझौता तलाश करे, लेकिन यूरोप रूस की सुनना नहीं चाहता था।
पुतिन ने कहा कि यूरोप डोनबास में कार्रवाई की योजना बना रहा था, लेकिन अब रूस की कार्रवाई वहीं केंद्रित है। रूस के राष्ट्रपति ने कहा, ''कीएव में वे ये कह रहे थे कि उन्हें शायद परमाणु हथियार मिल जाएगा और नेटो हमारे नज़दीक ज़मीन ढूँढ़ने लगा। ये हमारे देश और हमारी सीमाओं के लिए एक स्पष्ट ख़तरा हो गया था। सब चीज़ें यही कह रही थी कि लड़ाई की ज़रूरत है।''
पुतिन ने अपने संबोधन के दौरान दूसरे विश्व युद्ध में मारे गए रूसियों के लिए और डोनबास में लड़ रहे रूसी सैनिकों के लिए दो मिनट का मौन रखने की अपील की।
अपने संबोधन में पुतिन ने कहा कि पश्चिमी देश रूस को सुनना नहीं चाहते थे और उनकी अलग योजना थी। उन्होंने कहा कि पश्चिमी देश हमारी ज़मीन पर हमला करने की योजना बना रहे थे।
मास्को से बीबीसी संवाददाता विल वेरनॉन ने बताया है कि पुतिन ने अपने संबोधन में कोई बड़ी घोषणा नहीं की, जिसकी संभावना जताई जा रही थी। लेकिन उन्होंने यूक्रेन पर रूस के हमले को सही ठहराने की कोशिश की।
पुतिन के भाषण के बाद वहाँ मौजूद सैनिकों ने ख़ूब तालियाँ बजाईं।
दिल्ली के राउज़ एवेन्यू कोर्ट ने शनिवार, 21 मई, 2022 को हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला को आमदनी के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति रखने के एक मामले में कसूरवार ...
उमरान मलिक आईपीएल के मौजूदा सीजन में तेज़ गेंदबाज़ी की नई सनसनी के तौर पर सामने आए हैं। बीसीसीआई के सेलेक्टर्स ने उन्हें रविवार, 22 मई, 2022 को इसका इनाम दिया ...
भारत के राज्य राजस्थान के जयपुर में हो रही बीजेपी की राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल के दिनों में राष्ट्र भाषा पर छिड़ी बहस पर अपनी राय दी है ...